Advertisement

सदर अस्पताल में दिवंगत फिजियोथेरेपिस्ट को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। सदर अस्पताल बोकारो में कार्यरत फिजियोथेरेपिस्ट बिरेंद्र कुमार महतो के असामयिक निधन पर एक अगस्त को सिविल सर्जन बोकारो डॉ अभय भूषण प्रसाद की अध्यक्षता में सदर अस्पताल परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया।

शोक सभा में स्वास्थ्य विभाग के सभी पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, पारा मेडिकल कर्मी एवं अन्य कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद ने कहा कि स्वर्गीय बिरेंद्र कुमार महतो एक कर्तव्यनिष्ठ, मेहनती एवं संवेदनशील स्वास्थ्यकर्मी थे। उन्होंने सदैव मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका असामयिक निधन स्वास्थ्य विभाग एवं सदर अस्पताल परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

शोक सभा के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके द्वारा स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को स्मरण किया। सदर अस्पताल परिवार ने स्वर्गीय महतो के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सेवाभाव को सदैव स्मरण रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *