छात्रों के सपनों का सौदा करने वाली सरकार इस्तीफा दे-कुमार अमित
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने एक अगस्त को उपायुक्त कार्यालय बोकारो के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य की भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और युवाओं को न्याय दिलाने की मांग की।

मौके पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुमार अमित ने कहा कि लाखो छात्रों के सपनों का सौदा करने वाली झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार नैतिक आधार पर तत्काल इस्तीफा दे। कहा कि जेपीएससी भर्ती में सामने आए कथित घोटाले की सीबीआई से जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों को कड़ी सजा मिले। कहा कि भाजपा झारखंड के युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ती रहेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं का भविष्य किसी भी कीमत पर बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच तथा युवाओं को न्याय दिलाने की मांग करते हुए उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
![]()













Leave a Reply