रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के के चास प्रखंड स्थित कोलबेंदी उप-स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण कार्य का एक अगस्त को शिलान्यास किया गया। शिलान्यास झारखंड सरकार की 15वें वित्त आयोग मद से चंदनकियारी विधायक उमाकांत रजक द्वारा विधिवत किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, स्थानीय ग्रामीणों एवं गणमान्य जनों की उपस्थिति में निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ।
नवनिर्मित उप-स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात साबित होगा। इसके निर्माण के बाद माताओं, बच्चों, बुजुर्गों सहित सभी ग्रामीणों को अपने गांव के निकट ही बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता भी कम होगी।
इस अवसर पर विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि कोलबेंदी उप-स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देगा। कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि ग्रामीणों को उनके घर के समीप ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का समुचित विकास हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है। कहा कि चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर गति से जारी रहेंगे और जनहित से जुड़े हर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। जनसेवा ही हमारा संकल्प और जनहित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने उप-स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र के बनने से आसपास के गांवों के हजारों रहिवासियों को समय पर प्राथमिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
![]()













Leave a Reply