Advertisement

फिजियोथेरेपिस्ट मौत मामला: पीड़ित को रोजगार का आश्वासन, निष्पक्ष जांच की मांग

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सदर अस्पताल बोकारो के फिजियोथेरेपी विभाग में कार्यरत स्वर्गीय बीरेन्द्र महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले को लेकर एक अगस्त को बोकारो जिला परिषद की उपाध्यक्ष बबीता कुमारी ने अस्पताल प्रबंधन, जिला प्रशासन एवं एनएचएम अधिकारियों के साथ विस्तृत वार्ता की।

जानकारी के अनुसार बैठक में जिप उपाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, निष्पक्ष जांच कराने तथा परिवार के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। वार्ता के दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से होनी चाहिए, ताकि यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने एनएचएम अधिकारियों के साथ सीधे संवाद कर पीड़ित परिवार के पुनर्वास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। वार्ता के बाद जिन प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनी, उनमें पीड़ित परिवार के एक सदस्य को आगामी 15 अगस्त से पूर्व योग्यता के अनुसार आउटसोर्सिंग के माध्यम से अस्थायी रोजगार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा स्वर्गीय महतो के पुत्र शैलेश की फिजियोथेरेपी की पढ़ाई पूरी होने के बाद एनएचएम के माध्यम से सदर अस्पताल बोकारो में नियुक्ति के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने पर भी सहमति बनी।

मौके पर जिप उपाध्यक्ष बबीता ने कहा कि प्रशासन इन सभी आश्वासनों को निर्धारित समय सीमा के भीतर लागू करे तथा मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कहा कि स्वर्गीय महतो की संदिग्ध मृत्यु अत्यंत दु:खद है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, उनके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों पर कार्रवाई कराने के लिए हर स्तर पर आवाज़ उठाई जाएगी। कहा कि प्रशासन को दिए गए सभी आश्वासनों को समयबद्ध तरीके से लागू करना चाहिए। न्याय मिलने तक यह लड़ाई जारी रहेगी। अंत में जिला परिषद उपाध्यक्ष ने स्वर्गीय बीरेन्द्र महतो को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *