Advertisement

सेल चिरिया धुबिल माइंस गेट पर आंदोलन के 12वें दिन पहुंचे विधायक

विधायक ने सेल पदाधिकारियों से वार्ता कर जनआंदोलन को किया हल

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में सेल के दुबिल माइंस में बेरोजगारी की मार झेल रहे आंदोलनकारियों से मिलने जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकु 11 जुलाई को धुबिल (चिड़िया) माईंस पहुँचे। विधायक ने सेल के अधिकारियों से वार्ता कर ग्रामीणों की मांगों को जायज बताया।

जानकारी के अनुसार मनोहरपुर प्रखंड के हद में सेल के चिरिया स्थित धुबिल माइंस गेट पर 10 गांवों के ग्रामीणों के आंदोलन के 12वें दिन जगन्नाथपुर विधायक सिंकु पहुंचकर आंदोलनकारी ग्रामीणों से बात की। उन्होंने उनकी मांगों को सुना और समझा। मौके पर ग्रामीणों ने कहा कि अगर उनकी मांगों को नहीं माना गया और जबरन उन्हें मौके से हटाया गया तो ग्रामीण सेंदरा अभियान चलाने को बाध्य होंगे।

बताया जाता है कि आंदोलनकारी ग्रामीणों ने सीधे तौर पर विधायक से भी कह दिया कि उनकी यह आर – पार की लड़ाई है। मांगों के माने जाने तक वे किसी कीमत पर अपना आंदोलन खत्म नहीं करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि माइंस के लाल पानी से उनके गांवों की जमीन बंजर हो गई है। उनके पास भुखमरी की हालत है। वे किसी भी कीमत पर अपनी लड़ाई को अधूरा नहीं छोड़ेंगे। कहा गया कि अभी माइंस बंद है और जरूरत पड़ी तो वे सेल कार्यालय को भी बंद कर देंगे। कहा कि क्षेत्र में रोजगार की समस्या की वजह से ही नक्सलवाद जैसी समस्याएं बढ़ी है।

इस अवसर पर ग्रामीणों ने वार्ता के सवाल पर कहा कि वार्ता मौके पर ही होगी, अन्यथा गुवा स्थित सीजीएम कार्यालय में होगी। कहा कि चिरिया स्थित सेल कार्यालय में कत्तई वार्ता नहीं करेंगे। वहीं विधायक ने मौके से ही सेल के आला अधिकारियों से फोन पर बात की और ग्रामीणों की समस्याओं को जल्द दूर करने को कहा। सेल के अधिकारी ने कहा कि प्रबंधन आंदोलनकारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है। अतः सारी चीजों का मूल्यांकन कर ही मांगों पर विचार किया जाएगा।

इधर 12 दिनों से चले रहे इस आंदोलन से माइंस में उत्पादन और परिवहन पूरी तरह से प्रभावित है और सेल तथा माइंस ठेकेदार को भारी नुकसान उठाना पर रहा है। वहीं मामले को लेकर सेल का कोई आधिकारिक पक्ष नहीं मिल पाया है। मौके पर कांग्रेस के मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष सीताराम गोप, नोवामुंडी प्रखंड अध्यक्ष मंजीत प्रधान, मनोहरपुर जिला परिषद सदस्य भाग -1 जय प्रकाश महतो, मुखिया अजीत तिर्की, धनेश्वर महतो, कुलदीप कंडुलना, सूरज चंपिया, मामूर अंसारी, दानिश हुसैन एवं सैकड़ों ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *