Advertisement

एसओपी क्षमता निर्माण संविदा कार्यों को ले सीसीएल ईएंडएम विभाग में कार्यक्रम

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सीसीएल मुख्यालय के विद्युत एवं यांत्रिक (ईएंडएम) विभाग में 24 जून को संविदा कार्यों से संबंधित एसओपी पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के मानव संसाधन विकास विभाग (एचआरडी) द्वारा सतर्कता विभाग के तत्वावधान में ईएंडएम विभाग के संविदा कार्यों से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उपरोक्त विभाग के संविदा कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करना था।

इस अवसर पर कार्यक्रम के अंतर्गत कुल चार तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें सतर्कता (विजिलेंस) विभाग एवं ईएंडएम विभाग के अधिकारियों द्वारा एसओपी के विभिन्न प्रावधानों, संशोधनों तथा संविदा कार्यों की प्रक्रियाओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में महाप्रबंधक (सतर्कता) ए. के. सिंह, महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक तथा महाप्रबंधक (ईएंडएम) सुचंद्रा सिन्हा उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने संविदा कार्यों में अनुशासन, पारदर्शिता तथा एसओपी के अनुपालन के महत्व पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम में सीसीएल मुख्यालय रांची सहित विभिन्न कोयला क्षेत्र में कार्यरत ईएंडएम विभाग के कुल 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया। यह पहल सीसीएल में सुशासन, जवाबदेही एवं कार्यप्रणाली की पारदर्शिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *