अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल सोनपुर के कार्यकर्ताओं ने 23 जून को स्थानीय विधायक कार्यालय में जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि बलिदान दिवस के रूप में मनाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ‘बबलू’ जबकि मंच संचालन मंडल उपाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने किया। इस दौरान नगर मंडल के सभी तीनों शक्ति केंद्रों पर कार्यकर्ताओं ने डॉ मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
बलिदान दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश सिंह ने कहा कि एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे का नारा देकर अखंड भारत के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान राष्ट्र चिंतक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने माँ भारती की सेवा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर हमेशा स्वहित से ऊपर देशहित को रखना चाहिए। नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ‘बबलू’ ने कहा कि डॉ मुखर्जी ने साल 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी।
उन्होंने कश्मीर समस्या को लेकर बड़ा संघर्ष शुरू किया और दो निशान, दो विधान और दो संविधान का खुला विरोध किया। तत्कालीन कांग्रेस सरकार की नीतियों के विरोध के चलते उन्हें जेल जाना पड़ा, जहाँ संदिग्ध परिस्थितियों में उन्होंने माँ भारती की सेवा में अपना बलिदान दे दिया। डॉ मुखर्जी देश के सच्चे सपूत थे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सुनील दुबे, महेश कुमार, राजीव मुनमुन, अनवर अली, जेपी सेनानी मान्धाता सिंह, अशोक कुमार सिंह, राजन दास, राहुल सिंह, कृष्णनंदन राम, प्रमोद कुमार सिंह, नरेश राय, मुकेश कुमार राय सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply