प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में जरीडीह प्रखंड के जैनामोड़ स्थित किसान मोर्चा कार्यालय में 23 जून को भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं शिक्षाविद् डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा बोकारो जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राज तथा संचालन किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री अर्जुन प्रसाद सिंह ने की। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा झारखंड प्रदेश महामंत्री व् राज्य के पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, गिरिडीह के पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय, बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण, बेरमो के पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटूल सहित भाजपा एवं किसान मोर्चा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रवाद की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके विचार आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा स्रोत है। प्रदेश महामंत्री बाउरी ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए संघर्ष किया। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान की व्यवस्था का विरोध करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके विचार और आदर्श आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक हैं। हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि डॉ मुखर्जी केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि दूरदर्शी राष्ट्र निर्माता थे। उन्होंने देश की सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया। उनका बलिदान भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। कहा कि नई पीढ़ी को उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। बोकारो के पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन देशभक्ति, त्याग और समर्पण का प्रतीक है।
उन्होंने राष्ट्र की अखंडता के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। भाजपा कार्यकर्ता उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। पूर्व विधायक योगेश्वर महतो ने कहा कि डॉ मुखर्जी ने देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की सोच दी थी। उनका बलिदान राष्ट्रवाद की भावना को और अधिक सशक्त करता है। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के विकास के लिए कार्य करें।
किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री अर्जुन प्रसाद सिंह ने कहा कि डॉ मुखर्जी के विचार किसानों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के लिए प्रेरणादायक हैं। राष्ट्रहित के लिए उनका समर्पण और संघर्ष सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और किसान मोर्चा उनके सपनों के भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में भाजपा जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, किसान मोर्चा के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में भाजपा समर्थक उपस्थित थे। सभी ने डॉ मुखर्जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
![]()













Leave a Reply