ममता सिन्हा/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट एक नंबर पीएचईडी कार्यालय के समीप पंचायत की मुखिया नीलम श्रीवास्तव एवं पंसस अजीत पांडेय ने 200 केवीए नए विद्युत ट्रांसफार्मर का 23 जून को संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपस्थित रहिवासियों द्वारा उपरोक्त दोनों का भव्य स्वागत किया गया।
ज्ञात हो कि तेनुघाट पंचायत की मुखिया नीलम श्रीवास्तव के पहल पर 24 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर को लगवाया गया। मुखिया ने बताया कि स्थानीय रहिवासियों द्वारा बताया गया था कि पूर्व में यहां लगे ट्रांसफार्मर जल गया है और भीषण गर्मी भी है। साथ ही इसी ट्रांसफार्मर की बिजली से आसपास पानी की भी सप्लाई की जाती है। कहा गया कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं किया गया तो पुरे पंचायत में पानी की समस्या उत्पन्न हो जायेगी। इस लिये इसे जल्द से जल्द सुचारु रूप से चलु किया जाये।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मुखिया ने मामले में पहल की और मात्र 24 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलवाने का काम किया। इस काम को देखते हुए रहिवासियों ने मुखिया को साधुवाद दिया। मुखिया के अनुसार बेहतर बिजली व्यवस्था किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती है। नया ट्रांसफार्मर तेनुघाट पंचायत क्षेत्र में सुचारु एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेगा, जिससे आम जनों, किसानों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय व्यवसायियों को सीधा लाभ मिलेगा।
मौके पर क्षेत्र के सामाजसेवी संतोष कुमार, शैलेश कुमार, गोपाल कुमार, टिंकू कुमार, प्रेम कुमार, मखन कुमार सहित दर्जनों गणमान्य मौजूद थे।
एक अन्य समाचार के अनुसार सहायक विद्युत अभियंता, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, कथारा/गोमियां राजेश बिरुआ ने 23 जून को बताया कि 24 जून को विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, कथारा के अंतर्गत डीवीसी से आने वाली 33 केवी इनकमिंग फीडर संख्या-1 एवं फीडर संख्या-2 पर कथारा विद्युत शक्ति उपकेंद्र में आवश्यक मेंटेनेंस कार्य यथा डाली कटिंग (ट्री कटिंग) तथा फीडर संख्या-2 के समीप नए 33 केवी फीडर की स्थापना हेतु पोल गाड़ने का कार्य किया जाना है। कहा कि उक्त कार्य को सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के लिए डीवीसी से प्राप्त विद्युत आपूर्ति 24 जून को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक बंद रहेगी।
इस अवधि में कथारा विद्युत शक्ति उपकेंद्र से जुड़े सभी क्षेत्रों यथा कथारा, फुसरो, गोमियां, कंचकिरो, साड़म, तेनुघाट, ललपनिया में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। कार्य पूर्ण होने के उपरांत विद्युत आपूर्ति यथाशीघ्र सामान्य कर दी जाएगी। कहा कि इस क्रम में उपरोक्त क्षेत्र के उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधा के लिए खेद है तथा सहयोग की अपेक्षा की जाती है।
![]()













Leave a Reply