प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर 9 जून को बोकारो के नया मोड़ स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान अधिकारियों ने धरती आबा के संघर्ष, त्याग और सामाजिक न्याय के लिए किए गए उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल आदिवासी समाज के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने अन्याय, शोषण और दमन के खिलाफ आवाज उठाकर समाज को स्वाभिमान और अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में उतारना और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
वहीं डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और जनसेवा का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने समाज में जागरूकता, एकता और आत्म सम्मान का संदेश दिया। आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने भगवान बिरसा मुंडा के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके सपनों के अनुरूप समतामूलक और विकसित समाज के निर्माण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पुष्प अर्पित कर धरती आबा को नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रतिबद्धता दोहराई।
![]()











Leave a Reply