एन. के. सिंह/ममता सिन्हा/बेरमो, तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय परिसर तेनुघाट में उस समय उपस्थित जनों के चेहरे खुशी से खिल उठे, जब उन्हें उनके खोए अथवा चोरी गये मोबाइल फोन वापस सौंपे गए।
बताया जाता है कि बेरमो पुलिस की पहल से कुल 83 हकदारों को उनके मोबाइल लौटाए गए। मोबाइल प्राप्त करते ही कई चेहरों पर मुस्कान लौट आई। हकदारों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल वापस मिल पाएगा। बोकारो व् बेरमो पुलिस की मेहनत और तकनीकी टीम की सक्रियता से उनके मोबाइल बरामद हो सके।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया। आवश्यक सत्यापन के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया। मोबाइल वापस पाने वाले हकदारों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया और इस पहल को आम जनों के लिए बड़ी राहत बताया।
इस अवसर पर उपस्थित जनों को साइबर सुरक्षा और मोबाइल खोने की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने के प्रति भी जागरूक किया गया। ज्ञात हो कि, बेरमो अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों में पिछले कुछ समय से मोबाइल खोने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस ने तकनीकी और भारत सरकार के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल का बेहतरीन उपयोग करते हुए कुल 83 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की।
बताते चले कि 9 जून को बेरमो अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में उनके कार्यालय परिसर में सभी मोबाइल धारकों को बुलाया गया। उचित सत्यापन और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिंह की अगुवाई में सभी मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। अपने खोए मोबाइल को दोबारा पाकर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने बेरमो पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

मौके पर एसडीपीओ ने कहा कि अगर किसी का मोबाइल गुम या चोरी हो जाता है, तो वे बिना देर किए तुरंत संबंधित थाने को सूचित करें। इसके साथ ही सरकार द्वारा जारी सीईआईआर पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल की वांछित विवरणी को जरूर भरें। ऐसा करने से यदि कोई दूसरा उस मोबाइल का उपयोग करने की कोशिश करेगा, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस और आवेदक को मिल जाएगी।
पुलिस द्वारा अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों और ओपी क्षेत्र से बरामद किए गए 83 मोबाइलों में चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के 10, जरीडीह थाना क्षेत्र के 9, पेटरवार थाना क्षेत्र के 9, महुआटांड़ थाना क्षेत्र के 8, कसमार थाना क्षेत्र के 8, गोमिया थाना क्षेत्र के 7, बेरमो थाना क्षेत्र के 6, बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के 5, कथारा ओपी क्षेत्र के 4, जगेश्वर विहार थाना क्षेत्र के 4, चन्द्रपुरा थाना क्षेत्र के 3, नावाडीह थाना क्षेत्र के 3, गाँधीनगर थाना क्षेत्र के 2, दुग्दा थाना क्षेत्र के 2, पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र, आईईएल थाना क्षेत्र तथा ललपनियां थाना क्षेत्र का एक मोबाईल शामिल है।
![]()













Leave a Reply