Advertisement

वोट लेकर सरकार बनाने के बाद गरीब हटाओ अभियान चला रही भाजपा

रद्द कार्डधारियों के बीच नप के वार्ड 26-27 में भाकपा माले का जनसंपर्क अभियान

पीड़ितों को लेकर भाकपा माले करेगी आंदोलन-सुरेंद्र प्रसाद सिंह

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड में बड़ी संख्या में राशन कार्ड रद्द किए जाने से गरीब एवं मजदूर परिवारों में भारी चिंता और आक्रोश व्याप्त है।

राशन कार्ड रद्द कर दिए जाने की जानकारी के बाद डीलर के यहां से बैरंग वापस लौटने की जानकारी मिलने पर ततमा-सहनी सुमदाय की गरीब बस्ती मोतीपुर वार्ड 26-27 में कार्डधारियों के बीच जन संपर्क अभियान चलाने के दौरान बीते 8 जून को भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से वार्षिक आय एक लाख 20 हजार रुपये से अधिक होने, चार चक्का वाहन, पेंशन, नौकरी, किसान समृध्दि योजना आदि का लाभूक होने का आधार बनाकर राशन कार्ड रद्द किए जा रहे हैं, जबकि इतनी आय पाने वाले अधिकांश रहिवासी आज महंगाई के दौर में आर्थिक रूप से कमजोर स्थिति में हैं।

उन्होंने कहा कि जोखन दास की बेसहारा विधवा मंजू देवी, मुनेश्वर दास की विधवा कौशल्या देवी समेत बड़ी संख्या में जरुरतमंदों का राशनकार्ड फर्जी तरीके से रद्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पहली किस्त में ताजपुर प्रखंड में कुल 3867 राशन कार्ड रद्द किए गए हैं, जिससे हजारों परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न से वंचित हो गए हैं। राशन कार्ड रद्द होने के बाद प्रभावित परिवारों में हाहाकार की स्थिति है और पीड़ित अपनी आजीविका तथा खाद्य सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

माले नेता सिंह ने कहा कि सरकार गरीबों की वास्तविक स्थिति को समझने के बजाय कागजी मानकों के आधार पर राशन कार्ड रद्द कर रही है। मजदूर, खेतिहर श्रमिक, रिक्शा चालक, छोटे दुकानदार और असंगठित क्षेत्र के कामगार पहले से ही बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। ऐसे में राशन कार्ड रद्द करना उनके लिए दोहरी मार साबित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी रद्द राशन कार्डों की पुनः समीक्षा कर पात्र लाभुकों का कार्ड तत्काल बहाल किया जाए।

भाकपा माले प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर जनसंपर्क अभियान चलाएगी तथा जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी करेगी। उन्होंने कहा कि गरीबों के अधिकारों पर किसी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और राशन से वंचित पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *