पूजा-अर्चना कर न्यायमूर्ति एस.एम. सुब्रमण्यम बोले यहां आकर धन्य हो गया
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर में 12 मई की शाम आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का संगम देखने को मिला। यहां मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति एस.एम. सुब्रमण्यम ने सपरिवार बाबा हरिहरनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई और भगवान हरिहर एवं महादेव का विधि-विधान से पूजन-वंदन किया।
बताया जाता है कि शाम ठीक पांच बजे मंदिर पहुंचे न्यायमूर्ति सुब्रमण्यम ने सबसे पहले भगवान हरिहर के भव्य विग्रह और बाबा हरिहरनाथ के प्राचीन शिवलिंग का दर्शन किया। मंदिर की दिव्यता और शांति से वे बेहद प्रभावित दिखे। दर्शनोपरांत उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि भगवान का यह रूप अत्यंत अलौकिक है। मंदिर के आध्यात्मिक परिवेश से अभिभूत होकर उन्होंने भावुक स्वर में कहा, Blessed to be here… यहाँ आकर मैं धन्य हो गया।

पूजन के पश्चात न्यायमूर्ति ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’ से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान सचिव ने न्यायाधीश को अंगवस्त्र प्रदान कर और बाबा हरिहरनाथ का प्रतीक चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। मुलाकात के दौरान मंदिर की ऐतिहासिक और पौराणिक महत्ता पर भी संक्षिप्त चर्चा हुई। इस विशेष भ्रमण और पूजन के अवसर पर प्रशासनिक एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के साथ सोनपुर सिविल कोर्ट के नाजिर विकाश कुमार और स्टेनो आदित्य ज्योति उपस्थित थे। साथ हीं मंदिर न्यास समिति की ओर से उप कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा, सदस्य चन्द्र भूषण तिवारी, कृष्णा प्रसाद सहित मंदिर के पुजारीगण एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply