Advertisement

मेगा टिकट चेकिंग अभियान में धराए 3,776 यात्री, ₹25 लाख से अधिक जुर्माना वसूली

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। रेल यात्रियों को नियम सम्मत और सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में बीते 11 मई को व्यापक मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले रेल यात्रियों पर अंकुश लगाना था।

​​यह विशेष अभियान सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन के नेतृत्व एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। रेल मंडल की विभिन्न टिकट जांच टीमों, वाणिज्य निरीक्षकों और रेलवे स्टाफ ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और विभिन्न यात्री ट्रेनों में सघन तलाशी ली।

बताया जाता है कि टिकट जांच के दौरान रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई जिसमें​ 3,776 बिना टिकट, अनियमित टिकट और अनुचित श्रेणी में यात्रा करते पकड़े गए। पकड़े गए रेल यात्रियों से कुल ₹25,51, 531/- जुर्माना वसूला गया। सोनपुर रेल मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को बेहतर, सुव्यवस्थित और सुरक्षित यात्रा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। ​रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि सभी यात्री सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें।

नियमों का पालन करना न केवल कानूनी रूप से अनिवार्य है, बल्कि यह एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान भी है। कहा गया कि ​रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की सघन चेकिंग आगे भी प्रभावी ढंग से लागू रहेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *