अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के वरिष्ठ भाजपा नेता ओम कुमार सिंह ने बिहार के उप मुख्यमंत्री (डिप्टी सीएम) विजय कुमार चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात कर सोनपुर के विकास के लिए एक दूरगामी प्रस्ताव रखा, जिसमें सोनपुर को ओमेगा टाउनशिप योजना में शामिल करने की मांग की गई है।
भाजपा नेता सिंह ने 26 अप्रैल को उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि सोनपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास और स्थानीय जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर डिप्टी सीएम से उन्होंने चर्चा की है। कहा कि डिप्टी सीएम से उन्होंने वाराणसी के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर सोनपुर के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर होने के कारण यदि सोनपुर को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए, तो यह बिहार के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभर सकता है।
भाजपा नेता सिंह ने बिहार सरकार द्वारा क्षेत्र में चलाई जा रही विकास योजनाओं और आगामी बड़ी परियोजनाओं के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आशा जताई कि आधारभूत संरचना पर्यटन और रोजगार के क्षेत्रों में सरकार सोनपुर को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम चौधरी ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार संतुलित क्षेत्रीय विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सोनपुर जैसे ऐतिहासिक महत्व वाले क्षेत्रों के विकास पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है। कहा कि जनहित से जुड़े सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त मुलाकात को सोनपुर के भविष्य के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। ज्ञात हो कि सोनपुर के स्थानीय रहिवासियों में इस चर्चा के बाद क्षेत्र के कायाकल्प को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।
![]()













Leave a Reply