Advertisement

हथिया पत्थर एवं टुशु पर्व पर लगने वाला मेला की तैयारी का बेरमो प्रशासन ने लिया जायजा

हथिया पत्थर में हर वर्ष की तरह मकर संक्रांति पर 14 जनवरी को लगेगा मेला

एन. के. सिंह/फुसरो (बोकारो)। बोकारो-फुसरो मुख्य मार्ग पर हिंदुस्तान पुल के समीप प्रसिद्ध तीर्थ स्थल हथिया पत्थर में हर वर्ष की भांति मकर संक्रांति के अवसर पर 14 जनवरी को मेला लगेगा। इसे लेकर 13 जनवरी को बेरमो एसडीओ मुकेश मछुवा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बशिष्ठ नारायण सिंह, पेटरवार सीओ अशोक राम, इंस्पेक्टर सह बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह तथा पेटरवार थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा द्वारा संयुक्त रूप से मकर संक्रांति के अवसर पर लगने वाले हथिया पत्थर एवं टुशु पर्व हेतु लगने वाले मेला का स्थल निरीक्षण किया गया। साथ ही उपस्थित अधिकारीयों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।

उपरोक्त अधिकारीयों ने निरीक्षण क्रम में हथिया बाबा धाम मेला समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह, सचिव संजय मल्लाह, कोषाध्यक्ष रोहित सिंह से संबंधित जानकारी ली। मेला समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि छोटे वाहनों को मेले के आसपास प्रवेश नहीं होने दिया जायेगा। इसके लिए जगह-जगह पार्किंग की व्यवस्था की जायेगी। मेला के दौरान जगह-जगह वालंटियर की तैनाती रहेगी। कहा गया कि पूरे मेले की निगरानी ड्रोन व सीसीटीवी कैमरे से रखी जायेगी। मेला के दौरान उच्चकों और मनचलों पर भी नजर रखी जायेगी। कहा गया कि जगह – जगह पर पर्याप्त जवानों की तैनाती की जाये।

फुसरो से तांतरी तक भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद

इस अवसर पर एसडीओ मछुवा ने कहा कि भीड़ नियंत्रण के लिए बेरमो व पेटरवार पुलिस फुसरो से तांतरी तक भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रखेगी। बेरमो पुलिस की ओर से हिंदुस्तान पुल के रास्ते छोटे वाहनों का आवागमन रोकने के लिए पुल के समीप खाली स्थल पर पार्किंग की व्यवस्था की जायेगी।पेटरवार पुलिस की ओर से भारी वाहनों को इस रास्ते पर प्रवेश के लिए तांतरी मोड़ पर बैरिकेडिंग की जायेगी। भारी वाहनों को तांतरी – भंडारीदाह पुल होकर भेजा जायेगा।

उन्होंने आमजनों से अपील की कि छोटे वाहन मेला तक प्रवेश नहीं करें, इसके लिए भी पार्किंग व्यवस्था होगी। विधि व्यवस्था व भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस जवानों की तैनाती की जायेगी। हथिया पत्थर में पूजा करने के लिए प्रवेश व निकासी की अलग व्यवस्था रहेगी। कहा कि समिति पर्याप्त वालंटियर की तैनाती रखे। उन्होंने कहा कि टुसू विसर्जन के लिए दामोदर नदी में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए समय सीमा तय की जायेगी।

मौके पर समिति के गोपाल मल्लाह, शंकर सिंह, विकास सिंह, मुरली सिंह, भीम सिंह, मनोज सिंह, प्रदीप मल्लाह, चिंतामन मल्लाह, बादल महतो, खुबलाल महतो, मैनेजर सिंह, जगदीश सिंह, प्रताप सिंह, मनोज मल्लाह, गोविंद सिंह, जितेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *