Advertisement

चंदनकियारी विद्युत उपशक्ति केंद्र में 31.39 लाख की डकैती का खुलासा

तीन अपराधी गिरफ्तार, पिकअप-बोलेरो समेत 1200 मीटर स्क्रैप तार बरामद

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में चंदनकियारी स्थित विद्युत उपशक्ति केंद्र में बीते 3 अगस्त की रात हुई लगभग 31.39 लाख रुपये की सामग्री डकैती का बोकारो पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उद्भेदन कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सदर चास वेदांत शंकर (भारतीय पुलिस सेवा) के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल ने कार्रवाई करते हुए डकैती में संलिप्त तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी जांच और अन्य माध्यमों से अनुसंधान करते हुए घटना में शामिल अपराधियों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के कब्जे अथवा उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, बोलेरो वाहन तथा डकैती में ले जाए गए लगभग 1200 मीटर स्क्रैप तार सहित अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस की इस कार्रवाई से विद्युत उपशक्ति केंद्र में हुई बड़ी डकैती के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए पुलिस आगे की जांच में जुटी है। घटना में शामिल अन्य संदिग्ध की भूमिका तथा बरामद सामान के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *