Advertisement

द्वितीय सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। श्रावण मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी 9 अगस्त को सारण जिला के हद में सोनपुर के ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस विशेष अवसर पर 40 श्रद्धालुओं ने बाबा हरिहरनाथ का विशेष रुद्राभिषेक अनुष्ठान संपन्न किया। हजारों भक्तों ने बाबा हरिहरनाथ पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

बताया जाता है कि 9 अगस्त की शाम 7 बजे बाबा हरिहरनाथ की नित्य शृंगार आरती का आयोजन किया गया। काशी विश्वनाथ (बनारस) से आए विशेष कलाकारों ने इस दौरान अपनी प्रस्तुति दी। शिव तांडव के सजीव और मनमोहक दृश्य ने वहां मौजूद सभी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

श्रावण मास के द्वितीय सोमवार 10 अगस्त को लेकर विश्व विख्यात हरिहर क्षेत्र सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं। गंडक और गंगा नदी के पावन संगम तट पर स्थित इस अद्वितीय मंदिर (जहां हरि यानी विष्णु और हर यानी शिव विराजमान हैं) में सुरक्षा, सुचारू दर्शन और जलाभिषेक के लिए सारण जिला प्रशासन और मंदिर न्यास समिति ने मिलकर पुख्ता इंतजाम किए हैं।

बताया जाता है कि पहली सोमवारी को उमड़ी एक किलोमीटर से भी लंबी कतार को देखते हुए द्वितीय सोमवार के लिए बैरिकेडिंग का दायरा और मजबूत किया गया है, ताकि धक्का-मुक्की न हो। मंदिर परिसर, प्रवेश-निकास द्वारों और गर्भगृह के पास पर्याप्त संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

इस अवसर पर मंदिर भवन और मुख्य द्वारों को रंग-बिरंगी आकर्षक लाइटों और ताजे फूलों की मालाओं से भव्य रूप से सजाया गया है। हरिहरनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री और पवन शास्त्री के नेतृत्व में स्थानीय रहिवासी अमित कुमार सिंह उर्फ पिंकू सिंह के सौजन्य से सोमवार शाम को बाबा हरिहरनाथ का विशेष फूलों व बेलपत्र से दिव्य शृंगार किया जाएगा, जिसके बाद भव्य महाआरती का आयोजन होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *