Advertisement

वाहन चलाते समय सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से करें उपयोग-डीटीओ

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत सड़क सुरक्षा सेल्फी प्वाइंट की स्थापना

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। सड़क सुरक्षा माह के तहत 13 जनवरी को जिला सड़क सुरक्षा समिति बोकारो के सदस्यों द्वारा बोकारो के सेक्टर चार सिटी सेंटर स्थित सर्कस मैदान में लगे मेले में सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूक स्टॉल लगाया गया। जहां सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया। जिसमें आने जाने वाले राहगीर सेल्फी फोटो खिंचवा रहे है। साथ ही सदस्यों द्वारा आमजनों को सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी के साथ साथ जागरूक भी की जा रही है।

ज्ञात हो कि सड़क सुरक्षा को लेकर सेल्फी प्वाइंट का विचार सिर्फ फोटो लेने तक सीमित नहीं, बल्कि एक क्रिएटिव तरीका है, जिससे जनमानस खुद इस संदेश को आगे फैलाएँ। खासकर युवा और सोशल मीडिया उपयोगकर्ता। इन सेल्फी प्वाइंटों पर आम तौर पर सड़क सुरक्षा स्लोगन, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नियम पालन की शपथ लेने जैसी प्रेरणादायक सामग्री दी गयी है, ताकि आम जनता जागरूक हों और सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर संदेश फैलाएँ।

इस दौरान सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों द्वारा आमजनों को बताया जा रहा था कि सड़क पर हमेशा बाई ओर चले तथा सड़क पार करते समय दाएं, फिर बाई ओर देखकर हीं सड़क पार करे। साथ हीं बताया गया कि दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर लगाए, पीछे बैठने वाले भी हेलमेट पहनकर चले। वहीं, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें। साथ ही वाहन हमेशा अपनी लिमिट गति में ही चलाए।

इस अवसर पर बोकारो के जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज ने आम जनमानस को कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा वाहन चलाते समय शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील की। कहा कि सड़क सुरक्षा माह का मुख्य उद्देश्य यातायात नियम अपनाना, जैसे कि हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना आदि शामिल है, ताकि सड़क पर होने वाली दुर्घटना कम हो।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *