Advertisement

लौहपुरुष की जन्मशती पर डीएवी कथारा में एनसीसी कैडेट्स ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्मशती के अवसर पर 31 अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन अत्यंत धूमधाम से किया गया।

इस अवसर पर प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। विद्यालय के एनसीसी नेवल और आर्मी विंग के कैडेट्स ने आयोजन में विशेष रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने तथा सरदार पटेल के सपनों को साकार करने के लिए हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली।

जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने कहा कि लौह पुरुष की जन्मशती पर विद्यालय परिसर में शपथ ग्रहण के उपरांत विद्यालय के प्राचार्य सह- झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और अखंड भारत के प्रतीक थे।

उन्होंने अपनी दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व से 562 देशी रियायतों में बंटे भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। कहा कि आज के युवाओं और विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में अपना योगदान देना चाहिए। प्राचार्य डॉ खान के इस ओजस्वी और प्रेरणादायी भाषण ने सभी में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक प्रगाढ़ कर दिया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में नेवल विंग के एएनओ राहुल कुमार, आर्मी विंग के सीटीओ शिव प्रकाश सिंह तथा शारीरिक शिक्षक ओंकार मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षक जितेन्द्र दुबे, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, राकेश रंजन, संगीत कुमार आदि शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *