सोनपुर में कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा इसके बचाव एवं समय पर उपचार की जानकारी देने के उद्देश्य से सारण जिला के हद में सोनपुर में एक नवंबर को विशेष कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पटना के कैंसर विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ पीतांजलि सिंह ने बड़ी संख्या में उपस्थित रहिवासियों को कैंसर के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
अपने संबोधन में एम्स पटना की विभागाध्यक्ष कैंसर डॉ पीतांजलि सिंह ने कैंसर के प्रमुख लक्षणों, संभावित कारणों, बचाव के उपायों और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कैंसर के प्रति जागरूकता, प्रारंभिक लक्षणों की पहचान और समय पर चिकित्सकीय जांच एवं उपचार से इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने आमजनों से शरीर में होने वाले असामान्य बदलावों की अनदेखी न करने और किसी भी प्रकार की आशंका होने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ महिला चिकित्सक डॉ एस. बी. शांति सिंह तथा रितंभरा गौतम सिंह ने भी कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सामाजिक जागरूकता की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संरक्षण, नियमित जांच और बीमारी के प्रति व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के सम्मान के साथ किया गया। एम्स पटना की विभागाध्यक्ष डॉ पीतांजलि सिंह, वरिष्ठ महिला चिकित्सक डॉ एस. बी. शांति सिंह एवं रितंभरा गौतम सिंह को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात अतुल कुमार सिंह ने स्वागत भाषण के माध्यम से अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का अभिनंदन किया।
यह कार्यक्रम हिंदुस्तान मानवाधिकार एसोसिएशन, वेदिका ब्यूटी पार्लर, किंग इंफोटेक, मिशन हाई स्कूल, हेरिटेज पब्लिक स्कूल, आद्या शक्ति फाउंडेशन तथा खुशबू सिंह एवं पूजा सिंह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। पूरे कार्यक्रम का नेतृत्व आयोजन समिति के संयोजक राजीव कुमार मुनमुन ने किया।
मौके पर आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य चिकित्सा विशेषज्ञों की जानकारी को आम जनों तक पहुंचाना और समाज को गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक एवं सजग बनाना है। शिविर में आम जनों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने स्वास्थ्य के प्रति समाज की बढ़ती रुचि को प्रदर्शित किया।
![]()













Leave a Reply