Advertisement

बोकारो जिले के 72 केंद्रों पर जेटेट परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न

डीसी-एसपी द्वारा परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, एसओपी अनुपालन का निर्देश

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 बोकारो जिले के सभी 72 परीक्षा केंद्रों पर एक नवंबर को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो गया। परीक्षा के निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई थीं।

जानकारी के अनुसार परीक्षा के दौरान बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा ने बोकारो के सेक्टर चार स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल तथा चास मुफस्सिल स्थित डॉ एस राधाकृष्णन कॉलेज ऑफ एजुकेशन समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्राधीक्षकों से परीक्षा संचालन एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

बताया जाता है कि डीसी एवं एसपी ने परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।

ज्ञात हो कि, जेटेट की परीक्षा जिले में दो पालियों में आयोजित की गई। परीक्षा के नोडल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन ने बताया कि प्रथम पाली (कक्षा 06 से 08) में कुल 31326 परीक्षार्थियों में से 26234 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 5092 अनुपस्थित रहे। वहीं, द्वितीय पाली (कक्षा 01 से 05) में कुल 14855 परीक्षार्थियों में से 12665 परीक्षार्थी उपस्थित एवं 2190 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। बोकारो जिला प्रशासन की सतर्कता, बेहतर समन्वय एवं सुदृढ़ व्यवस्था के फलस्वरूप जिले के सभी 72 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हो गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *