स्थापना दिवस पर 94 कामगारों को तोहफा, 69 को प्रोन्नति, 25 का चयन
ऊर्जा जरूरतें 83 प्रतिशत हम कर रहे पूरी, उत्पादन के बनाएं नए कीर्तिमान-जीएम
एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल बीएंडके क्षेत्र में एक नवंबर को कोल इंडिया का 52वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से क्षेत्र के महाप्रबंधक (जीएम) संजय कुमार झा उपस्थित रहे। जबकि संचालन उप प्रबंधक मानव संसाधन प्रेक्षा मिश्रा ने की।
स्थापना दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक कार्यालय करगली में जीएम झा द्वारा कोल इंडिया का झंडातोलन तथा कॉरपोरेट गीत गाकर किया गया। इस अवसर पर जीएम झा ने बीएंडके क्षेत्र के सभी अधिकारियों, कामगारों, श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों और उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की बधाई दी। कहा कि यह दिन हमारे गौरवशाली सफर को याद करने का अवसर है। कहा कि वर्ष 1951 की पंचवर्षीय योजना के समय देश में ईंधन की भारी कमी थी, तब आसानी से उपलब्ध कोयला ही हमारी औद्योगिक जरूरतों का मुख्य स्रोत था। प्रारंभ में खदानें निजी हाथों में थी, लेकिन तब की सरकार ने इसका राष्ट्रीयकरण कर एक नवंबर 1975 को कोल इंडिया लिमिटेड की स्थापना की। हमारा 52 वर्षों का यह सफर ऐतिहासिक रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में मात्र 79 मिलियन टन उत्पादन से शुरू होकर, आज हम दुनिया की सबसे बड़ी कोयला खनन कंपनी बन चुके हैं। हम देश की 83 प्रतिशत ऊर्जा जरूरतें पूरी कर रहे हैं और नवरत्न से महारत्न तक का दर्जा हासिल कर चुके हैं। कहा कि आज जब इजराइल-ईरान जैसे देशों में युद्ध के कारण वैश्विक पेट्रोलियम संकट बढ़ रहा है, तब कोल इंडिया की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। बीएंडके एरिया का हर कामगार इस स्वर्णिम सफर का मजबूत सिपाही है। आइए, संकल्प लें कि राष्ट्रहित में हम पूरी सुरक्षा के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देते हुए उत्पादन के नए कीर्तिमान स्थापित करें।
ज्ञात हो कि, इस खास अवसर पर प्रबंधन ने क्षेत्र के कामगारों को बड़ी सौगात दी है। बीएंडके एरिया के कुल 94 कर्मचारियों को स्थापना दिवस के अवसर पर लाभ मिला है, जिनमें से 69 कर्मचारियों को प्रोन्नति दिया गया है, जबकि 25 अन्य कर्मचारियों का चयन किया गया है। इन कर्मचारियों और उनके परिवारों में इस घोषणा से भारी उत्साह है। बीएंडके एरिया के लिए यह स्थापना दिवस दोहरी खुशी लेकर आया।
ज्ञात हो कि, क्षेत्र के करगली ओसीपी में कार्यरत माइनिंग सरदार खुर्शीद हुसैन ने राष्ट्रीय स्तर पर पूरे एरिया का नाम रोशन किया है। कोलकाता के न्यू टाउन स्थित कोल भवन ऑडिटोरियम में आयोजित 52वें सीआईएल स्थापना दिवस समारोह के सुबह के सत्र में खुर्शीद हुसैन को उनके बेहतरीन खेल के लिए व्यक्तिगत श्रेणी में आउटस्टैंडिंग स्पोर्ट्स पर्सन के प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया है। बीएंडके क्षेत्र में हुए प्रमोशन और स्थानीय कामगार के राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने से क्षेत्र के सभी कर्मचारियों में खुशी और गर्व का माहौल है।
मौके पर क्षेत्रीय विक्रय प्रबंधक वी. एन. पांडेय, विभागाध्यक्ष मानव संसाधन बिनय रंजन टूडु, विभागाध्यक्ष भू- राजस्व शंकर झा, प्रबंधक मानव संसाधन पीएन सिंह सहित जीएम के वरीय निजी सहायक लव कुमार, कार्यालय कर्मी कमल सिंह, रघुवंश मनी, अशोक कुमार, राजेंद्र महतो, निमेश तिवारी के अलावे कई अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply