Advertisement

अखंड भारत पर्यावरण यात्रा के 9वें दिन जामताड़ा में गूंजा वन्यजीव संरक्षण का संदेश

जागरूकता रैली में प्राकृतिक रक्षण टीम ने लिया हिस्सा, बबलू ने दिया संदेश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। अखंड भारत पर्यावरण यात्रा के नौवें दिन राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर धनबाद जिला के हद में जामताड़ा में वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में प्राकृतिक रक्षण की टीम ने सक्रिय रूप से भाग लेकर वन्यजीवों की सुरक्षा, वनों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया।

रैली के माध्यम से आमजनों को वन एवं वन्यजीवों की रक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। अखंड भारत पर्यावरण यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप प्राकृतिक रक्षण की टीम ने आम जनों से प्रकृति के संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

इस अवसर पर प्राकृतिक रक्षण प्रतिनिधि बबलू कुमार महतो ने कहा कि वन्यजीवों और प्रकृति का संरक्षण केवल किसी एक संस्था या संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि आज हम अपने जंगलों, वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा नहीं करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल जागरूकता अभियान चलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक रहिवासी को अपने जीवन में भी प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभानी होगी। जंगलों की कटाई रोकने, वन्यजीवों की सुरक्षा करने और प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग करने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए।

महतो ने कहा कि अखंड भारत पर्यावरण यात्रा का उद्देश्य देशवासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और प्रकृति के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराना है। इस तरह के अभियान से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचता है और आमजनों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरणा मिलती है। रैली के दौरान प्राकृतिक रक्षण की टीम ने वन्यजीवों और प्रकृति की रक्षा के लिए आगे आने की अपील की। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। कहा कि प्रकृति बचेगी, तभी भविष्य बचेगा। इसी संदेश के साथ वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति आमजनों को जागरूक करने का संकल्प लिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *