प्रहरी संवाददाता/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। आगामी एक नवंबर को देश की राजधानी नई दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित वोट चोर, गद्दी छोड़ विशाल महारैली को लेकर जिला कांग्रेस कमिटी पश्चिमी सिंहभूम ने सांगठनिक तैयारियां तेज कर दी है।
इसी क्रम में 25 अक्टूबर को कांग्रेस भवन जिला मुख्यालय चाईबासा में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय के संयोजन में प्रेस-वार्ता आयोजित की गई। प्रेस-वार्ता को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सदस्य, पूर्व सचिव सह एआईसीसी पर्यवेक्षक राजेश तिवारी तथा जिलाध्यक्ष सह जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु ने संयुक्त रूप से संबोधित किया।
प्रेस-वार्ता को संबोधित करते हुए एआईसीसी पर्यवेक्षक राजेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस का मूल उद्देश्य देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और जन अधिकारों की रक्षा करना है। कांग्रेस हमेशा आम देशवासियों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाती रही है। कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य सत्ता प्राप्त करना मात्र नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करते हुए जनहित और राष्ट्रहित में कार्य करना है।
उन्होंने कहा कि वोट चोर, गद्दी छोड़ विशाल महारैली लोकतंत्र, संविधान और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का महत्वपूर्ण मंच होगी। कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के मताधिकार में निहित है। चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। कांग्रेस पार्टी इन्हीं मूल उद्देश्यों और जनसरोकारों को लेकर देशव्यापी स्तर पर अपनी आवाज उठा रही है।
तिवारी ने कहा कि आगामी एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली को लेकर व्यापक सांगठनिक तैयारियां की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि कांग्रेस का मूल उद्देश्य जनसेवा, सामाजिक समानता, न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना है। कांग्रेस संविधान में निहित स्वतंत्रता, समानता, बंधुता और न्याय के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। कांग्रेस समाज के अंतिम पायदान तक विकास और अधिकारों का लाभ पहुंचाने तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने के लिए लगातार संघर्ष करती रही है।
उन्होंने कहा कि आगामी विशाल महारैली को लेकर जिला कांग्रेस कमिटी पश्चिमी सिंहभूम पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटी है। कहा कि जिले के सभी प्रखंडों, मंडलों, पंचायतों एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में जिले की संगठित भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
सिंकु ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के सवाल पर कांग्रेस का रुख स्पष्ट है। मतदाताओं के मताधिकार का सम्मान तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित, सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। महारैली के माध्यम से इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के दिल्ली प्रस्थान, यात्रा संबंधी व्यवस्थाओं एवं अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर संबंधित पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श जारी है। सभी सांगठनिक इकइयों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिला प्रभारी धर्मेन्द्र सोनकर, विधानसभा प्रभारी राम सिंह सावैयां, मायाधर बेहरा, चंद्रशेखर दास, रईस रिजवी छब्बन, सह प्रभारी नितिमा बारी, पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी सिंकु, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजीत यादव, पूर्व प्रदेश सचिव अशरफुल होदा, यूथ इंटक जिलाध्यक्ष सुरेश सावैयां, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अविनाश कोड़ाह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता इम्तियाज खान सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply