Advertisement

शरद पूर्णिमा पर हरिहरनाथ धाम में विशेष समागम, राष्ट्र कल्याण के लिए प्रार्थना

केंद्रीय मंत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों ने किया बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर में शरद पूर्णिमा के अवसर पर 25 अक्टूबर की संध्या विशेष आध्यात्मिक समागम का आयोजन किया गया।

जानकारी के अनुसार देश और राज्य के विकास तथा लोक-कल्याण के संकल्प के साथ केंद्रीय मंत्री सह सांसद राजभूषण चौधरी, स्वामी संतजी, तुफैल चतुर्वेदी, परमानंद ऋषभदेव, सूबेदारजी, डॉ राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, जीवन कुमार, विधायक संजय सिंह, समाजसेवी विनोद सम्राट, डॉ आशुतोष कुमार, लेखक मिथिलेश कुमार सिंह और अजीत सिंह ने बाबा हरिहरनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार, शंख ध्वनि और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष से गुंजायमान हो उठा।

मंदिर पहुंचने पर न्यास समिति के पदाधिकारियों और पुजारियों ने विशिष्ट अतिथियों का अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात सभी अतिथियों ने गर्भगृह में भगवान शिव (हर) और भगवान विष्णु (हरि) के अद्वितीय संयुक्त स्वरूप का विधिवत पूजन किया। आचार्यों ने वैदिक मंत्रों के साथ पूजन संपन्न कराया।

पूजन के उपरांत केंद्रीय मंत्री चौधरी ने पत्रकारों से कहा कि बाबा हरिहरनाथ के दरबार में आकर वे धन्य और अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि शैव और वैष्णव संप्रदाय की अटूट एकता और हमारी प्राचीन सनातन संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। हमने बाबा से समस्त देशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति और राष्ट्र की अखंड प्रगति की मंगलकामना की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *