Advertisement

लोकल में चाकू फेंककर यात्री पर हमला, 52 वर्षीय बुजुर्ग घायल; आरोपी गिरफ्तार

प्रहरी संवाददाता/मुंबई। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अंधेरी रेलवे स्टेशन के पास दो यात्रियों के बीच हुए विवाद में एक 52 वर्षीय निर्दोष यात्री चाकू लगने से घायल हो गया। आरोपी ने अपने विवाद में शामिल दूसरे व्यक्ति को निशाना बनाकर चाकू फेंका था, लेकिन वह चाकू वहां मौजूद तीसरे यात्री के सीने में जा लगा। घटना 15 नवंबर की है। रेलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दो यात्रियों के विवाद में तीसरा व्यक्ति हुआ घायल

पुलिस के अनुसार, घायल की पहचान सुरेश द्वारका शर्मा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से झारखंड के हजारीबाग के रहने वाले हैं और धारावी में रहते हैं। पेशे से बढ़ई सुरेश शर्मा रविवार को बोरीवली से चर्चगेट जाने वाली फास्ट लोकल में सवार थे। दोपहर करीब 12 बजकर 12 मिनट पर ट्रेन अंधेरी स्टेशन पहुंची। इसी दौरान डिब्बे में बैठे दो यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर एक यात्री प्लेटफॉर्म पर उतर गया, जबकि दूसरा डिब्बे में ही था। ट्रेन चलने लगी तो प्लेटफॉर्म पर मौजूद आरोपी ने डिब्बे की ओर चाकू फेंक दिया, जो सुरेश शर्मा के सीने में जा लगा।

सीने में घुसा चाकू, आरोपी सीसीटीवी से गिरफ्तार

घटना के बाद सुरेश शर्मा खून से लथपथ होकर डिब्बे में गिर पड़े। यात्रियों ने तत्काल आपातकालीन चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई। बांद्रा स्टेशन पर आरपीएफ और महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवानों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। पुलिस ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान शिवाजी लक्ष्मण गायकवाड़ (25) के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नासिक का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने चाकू भी बरामद कर लिया है। मामले की आगे की जांच अंधेरी रेलवे पुलिस कर रही है।

Tegs: #Passenger attacked with a thrown knife on a local train; 52-year-old man injured, accused arrested

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *