खैराचातर के बाबू बांध छठ घाट पर व्रतियों ने दी अर्घ्य, गांवों में भक्तिमय माहौल
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर, कसमार, दांतू, मंजूरा, गर्री समेत विभिन्न गांवों में लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हो गया। चार दिवसीय अनुष्ठान के दौरान पूरा क्षेत्र छठमय रहा। छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। पारंपरिक छठ गीतों और पूजा-अर्चना के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जानकारी के अनुसार लोक आस्था का महापर्व छठ के अवसर पर कसमार प्रखंड के हद में खैराचातर स्थित बाबू बांध छठ घाट पर विशेष रौनक रही। यहां छह दर्जन से अधिक व्रतियों ने छठ का अनुष्ठान किया। बीते 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य और 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सूप और दउरा में पूजन सामग्री सजाकर पहुंचे व्रतियों ने पूरे विधि-विधान और निष्ठा के साथ भगवान भास्कर की आराधना की।
महापर्व को लेकर खैराचातर, कसमार सहित आसपास के गांवों में तालाबों, बांधों और छठ घाटों की साफ-सफाई कराई गई थी। घाटों को रंग-बिरंगी रोशनी, झालरों और पारंपरिक सजावट से आकर्षक रूप दिया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रास्तों और पूजा स्थलों पर भी व्यवस्था की गई थी। स्थानीय युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से तैयारियों में सहयोग किया।

खैराचातर के बाबू बांध छठ घाट की सफाई और समतलीकरण में समाजसेवी घनश्याम महतो का विशेष योगदान रहा। उनकी पहल पर जेसीबी मशीन से घाट की सफाई कराई गई तथा हाइवा से पत्थर की डस्ट गिरवाकर उसका समतलीकरण कराया गया। पहले अर्घ्य के दिन टैंकर से गांव की सड़कों पर पानी का छिड़काव भी कराया गया, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिली। इधर, छठ महापर्व के अवसर पर खैराचातर में थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने व्रतियों के बीच फल का वितरण किया। उन्होंने व्रतियों से मुलाकात कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दी। पुलिस प्रशासन की इस सहभागिता की स्थानीय रहिवासियों ने सराहना की।
पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों के बीच आपसी सहयोग और सामाजिक एकता का भाव देखने को मिला। घाटों की व्यवस्था से लेकर व्रतियों की सुविधा तक रहिवासियों ने मिल-जुलकर जिम्मेदारी निभाई। श्रद्धा, स्वच्छता और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न इस महापर्व ने क्षेत्र में भक्ति और सद्भाव का वातावरण बनाया।
![]()













Leave a Reply