Advertisement

छठ घाट पहुंचे मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने दी सभी को छठ की शुभकामना

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। छठ पर्व के अवसर पर छठ घाट पहुंचे मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी। मंत्री ने छठ घाटों का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड क्षेत्र में झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले भगत तालाब छठ घाट का निरीक्षण किया, इसके बाद होसिर स्थित बोकारो नदी घाट और खम्हरा स्थित कोनार नदी घाट का दौरा कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया।

बताया जाता है कि मंत्री ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। छठ पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत की और व्रतियों को हो रही सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठव्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। इस दौरान मंत्री ने अर्घ्य अर्पित करने पहुंचे छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें महापर्व की शुभकामनाएं दी। कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। यह आस्था, अनुशासन और स्वच्छता का पर्व है। व्रतियों की अटूट श्रद्धा, संयम और समर्पण इस पर्व की विशेष पहचान है। यह पर्व समाज को एकता और भाईचारे का संदेश देता है।

मंत्री ने घाट की बेहतर साफ-सफाई एवं आकर्षक साज-सज्जा के लिए संस्कार छठ पूजा समिति, श्रीमहावीर मंदिर होसिर एवं श्रीश्री छठ पूजा समिति गोमिया बोकारो नदी तट समिति के सदस्यों की सराहना की। दौरे के दौरान विभिन्न छठ समितियों ने मंत्री को अंग वस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मंत्री ने सूर्य भगवान की प्रतिमा पर माथा टेका और छठी मइया एवं भगवान सूर्य से सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की। रहिवासियों के अनुसार इस बार घाटों पर विशेष आकर्षण रहा गोमिया मोड़ से लेकर नदी तट तक सड़क के दोनों किनारे भव्य की गई लाइटिंग। रंग-बिरंगी झालरों से पूरा मार्ग जगमगा उठा।

जगह-जगह सेल्फी प्वाइंट बनाए गए, जहां छठी मइया और सूर्य भगवान की आकर्षक सजावट आमजनों के आकर्षण का केंद्र रही। घाट पर भक्ति जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने भजन और लोकगीत सुनाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न समाजसेवियों ने फल, फूल, दूध आदि का वितरण किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, पूजा समितियों के सदस्य, अधिकारी व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *