प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो के जिला परिषद सदस्य अमरदीप महाराज के पिता स्वर्गीय राम किंकर महाराज के श्राद्ध कर्म के उपरांत आयोजित कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो तथा गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो शामिल हुए।
इस अवसर पर उपरोक्त दोनों वरिष्ठ नेताओं ने स्वर्गीय महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके पश्चात नेताओं ने शोकाकुल परिजनों, विशेषकर जिला सदस्य अमरदीप महाराज से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की और उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया।
आजसू सुप्रीमो एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने इस अवसर पर कहा कि दिवंगत महाराज का निधन समाज और परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। कहा कि वे सरल, मृदुभाषी और सामाजिक सोच वाले व्यक्तित्व के धनी थे। दु:ख की इस घड़ी में वे पूरी तरह से शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को यह असीम दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें।
पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि स्व. महाराज का मार्गदर्शन और उनका समाज के प्रति योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने जीवन भर समाज में सौहार्द और आत्मीयता का संदेश दिया। इस दु:खद घड़ी में हमारी संवेदनाएं दिवंगत के पूरे परिवार के साथ है। कार्यक्रम के दौरान आजसू पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाज सेवी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रबुद्ध रहिवासी उपस्थित रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी आत्मीयता प्रकट की और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर उमेश कुमार जायसवाल, अशोक सिंह, रामसेवक जायसवाल, संजय कुमार महतो, शिशुपाल धनलाल, राजेश कुमार, राजकुमार, राजू महतो, सुमित कुमार महतो आदि उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply