Advertisement

युवा सम्मेलन में सुदेश ने भरा जोश, संगठन की मजबूती व् आगामी रणनीति पर मंथन

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पुरुलिया रोड स्थित जायका रिजॉर्ट में एक नवंबर को चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र के युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो, पूर्व मंत्री सह जुगसलाई के पूर्व विधायक रामचंद्र सहिस, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, आजसू पार्टी के केंद्रीय सदस्य सूरजंन कपरदार एवं काशीनाथ सिंह सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

सम्मेलन के दौरान युवाओं की भूमिका, संगठन की मजबूती, जनहित के मुद्दों तथा पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गयी। नेताओं ने युवाओं से संगठन के प्रति समर्पित रहने और झारखंड के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

संबोधित करते हुए आजसू केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि युवा किसी भी राजनीतिक संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। झारखंड के निर्माण और विकास में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को आगे आकर समाज के हर क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। आजसू पार्टी युवाओं को नेतृत्व का अवसर देने और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने कहा कि किसी भी संगठन की पहचान उसके समर्पित कार्यकर्ताओं से होती है। संगठन को मजबूत बनाने के लिए गांव-गांव और पंचायत स्तर तक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच रहना और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना चाहिए। पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि झारखंड की युवा शक्ति में राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने की क्षमता है। युवाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

मजबूत संगठन और जागरूक युवा राज्य के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। केंद्रीय सदस्य सूरजंन कपरदार ने कहा कि चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को संगठित करना और उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ना समय की आवश्यकता है। कहा कि युवा किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ संगठन के विस्तार में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

काशीनाथ सिंह ने कहा कि युवाओं की सक्रियता से संगठन को नई दिशा मिलती है। पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए युवाओं को पूरी निष्ठा के साथ काम करना होगा। आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण रहेगी।
सम्मेलन में उपस्थित युवाओं ने भी पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से चंदनकियारी विधानसभा क्षेत्र में आजसू पार्टी ने युवा शक्ति को संगठित करने, संगठनात्मक विस्तार और आगामी रणनीति को लेकर एकजुटता का संदेश दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *