Advertisement

प्रशासन की कड़ी निगरानी में तेनुघाट में जेटेट परीक्षा कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण संपन्न

प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए एक नवंबर को बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में आयोजित परीक्षा केंद्रों में अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।

जानकारी के अनुसार अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। वहीं, किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए प्रशासन ने लगातार निगरानी बनाए रखी।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी मनोज कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविंद्र कुमार सिंह सहित वरीय अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर पहुंचकर अभ्यर्थियों के प्रवेश, जांच प्रक्रिया, परीक्षा संचालन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

तेनुघाट महाविद्यालय और डीएवी विद्यालय में जेटेट परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संपन्न हो गया। प्रथम पाली में तेनुघाट महाविद्यालय में 312 में से 184 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और 128 अनुपस्थित रहे, वहीं डीएवी विद्यालय में 432 में से 307 उपस्थित रहे जबकि, 125 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में तेनुघाट महाविद्यालय में 148 में से 96 परीक्षार्थी उपस्थित रहे वहीं 52 अनुपस्थित रहे, वहीं डीएवी विद्यालय में 205 में से 160 उपस्थित रहे जबकि 45 अनुपस्थित रहे।

तेनुघाट महाविद्यालय के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक सुदामा तिवारी एवं डीएवी विद्यालय की प्राचार्या सह केंद्राधीक्षक स्तुति सिन्हा ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संपन्न कराने में दंडाधिकारी विनोद कुमार महतो एवं अशोक कुमार दास, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट पेटरवार अंचल अधिकारी अशोक राम एवं गोमिया सीओ आफताब आलम, सहायक केंद्राधीक्षक योगेन्द्र प्रताप, अमित कुमार तथा डॉ पूर्णेन्दु गोस्वामी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक अन्य जानकारी के अनुसार प्रशासन की सतत निगरानी और बेहतर समन्वय के बीच गिरिडीह जिले के सभी 46 परीक्षा केंद्रों पर जेटेट की परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो गया। परीक्षा समाप्त होने तक सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था प्रभावी बनी रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *