पर्यावरण संरक्षण संस्थान द्वारा वृक्ष दीपावली का होगा आयोजन
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान का स्थापना दिवस आगामी 6 नवंबर को शुभ धनतेरस के अवसर पर बोकारो के पर्यावरण-मित्र वाटिका सेक्टर टू में वृक्ष दीपावली के रूप में मनाया जाएगा। इस संबंध में निर्णय एक नवंबर को पर्यावरण-मित्र आश्रम में आयोजित संस्थान की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार पांडेय ने की।
इस अवसर पर संस्थान के महासचिव शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’ ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 1987 में शुभ धनतेरस के दिन ही स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण संस्थान की स्थापना हुई थी। इसी कारण प्रत्येक वर्ष इस पावन तिथि को संस्थान का स्थापना दिवस मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि आगामी 6 नवंबर को अपराह्न 3 बजे पर्यावरण-मित्र वाटिका में भगवान धन्वन्तरि की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान बोकारो, झारखंड सहित पूरे देश के रहिवासियों के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की जाएगी। इसके पश्चात वाटिका एवं आसपास के सभी पेड़ों के नीचे दीप प्रज्वलित कर वृक्ष दीपावली मनाई जाएगी। इसके माध्यम से प्रकृति माता के प्रति श्रद्धा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
ओझा ने बताया कि संस्थान की ओर से आगे भी प्रकृति और वृक्षों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष आयोजन किए जाएंगे। इसके तहत आगामी 18 नवंबर को अक्षय नवमी के अवसर पर वृक्ष पूजा तथा 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी के दिन कल्पतरु की पूजा की जाएगी।
बैठक में सुरेंद्र कुमार पांडेय, रघुवर प्रसाद, शशि भूषण ओझा ‘मुकुल’, वैद्य गणेश साव, अखिलेश ओझा, बबलू पांडेय, मृणाल चौबे, लक्ष्मण शर्मा, विष्णु शंकर मिश्र, वीरेंद्र चौबे, अधिवक्ता बृजमोहन मिश्र, मनीष पांडेय, प्रभुनाथ चौधरी, यूसी दुबे, अक्षय दुबे, डीके त्रिवेदी, शैलेन्द्र झा, शिवजी ओझा, ललन दुबे, सोमनाथ पांडेय सहित अनेक पर्यावरण प्रहरी उपस्थित थे। संस्थान ने आमजनों से वृक्षों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने और पर्यावरण संरक्षण के इस पुनीत अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।
![]()













Leave a Reply