कार्यालय संवाददाता/मुंबई। आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर जुहू चौपाटी और आसपास के इलाकों में श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल फोन लूटने वाले गिरोह का सांताक्रूज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। चाकू की नोक पर लोगों को धमकाकर मोबाइल लूटने वाले इस गिरोह के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि उनका तीसरा साथी फरार है। पुलिस जांच में अब तक कम से कम 11 लोगों को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है।
भीड़ का फायदा उठाकर वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। जुहू चौपाटी और आसपास के इलाकों में छठ पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान तीन युवकों ने प्रतीक लहुंडे नामक व्यक्ति को घेर लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद प्रतीक ने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।
सांताक्रूज पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
पकड़े गए आरोपियों की पहचान धीरज कुमार अजित कामटी (19) और मोहम्मद अली शेख (21) के रूप में हुई है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने उसी रात प्रतीक के अलावा मोहम्मद आमिर शेख, संदीप कुमार सिंह और हासिम खान समेत कुल 11 लोगों के मोबाइल फोन चाकू की नोक पर लूटे थे। इसके अलावा क्रोमा शोरूम के सामने सेल्समैन मोनू नंदू कनोजिया को भी इसी तरीके से निशाना बनाने का आरोप है। पीड़ितों की शिकायत पर सांताक्रूज पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। लूटे गए मोबाइल फोन बरामद करने और फरार तीसरे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें तलाश में जुटी हैं। त्योहार के दौरान हुई इन वारदातों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।
Tegs: #During Chhath Puja, mobile phones were snatched from 11 people at knifepoint; two accused arrested.
![]()













Leave a Reply