रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने 14 सितंबर को बोकारो जिला के हद में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय नावाडीह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, स्वच्छता एवं छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार कस्तूरबा विद्यालय पहुंचने पर विधायक महतो ने छात्राओं से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और उनके साथ संवाद करते हुए पढ़ाई, भविष्य के लक्ष्य एवं विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं से बातचीत के दौरान विधायक ने उन्हें मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि बेटियां केवल परिवार की नहीं, बल्कि समाज और देश की ताकत हैं। आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां किसी बेटी के सपनों के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए बेटियां अपने सपनों को साकार कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। विधायक ने छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि आपमें से हर एक के भीतर आगे बढ़ने और कुछ बड़ा करने की क्षमता है। अपने लक्ष्य को ऊंचा रखिए, कठिन परिस्थितियों से घबराइए मत और पूरी ईमानदारी से मेहनत कीजिए। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की समस्याओं और छात्राओं की आवश्यकताओं को भी गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिया।
विधायक महतो ने कहा कि बच्चियों की शिक्षा और उनके सुरक्षित एवं बेहतर भविष्य से जुड़ा हर विषय उनकी प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई की जगह नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों को आकार देने का केंद्र है। यहां उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। विधायक के निरीक्षण के दौरान जेएलकेएम नावाडीह प्रखंड अध्यक्ष देवनारायण महतो, विधायक प्रतिनिधि संदीप झारखंडी, अनंतलाल महतो सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply