Advertisement

पूर्व विधायक ने राज्यपाल से मिलकर उठाए जनहित के गंभीर मुद्दे

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित लोक भवन में बोकारो जिला के हद में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने 15 सितंबर को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से भेंट की। राज्यपाल से भेंट में पूर्व विधायक ने क्षेत्र की विभिन्न गंभीर जनसमस्याओं को उनके समक्ष रखा और शीघ्र समाधान की मांग की।

बताया जाता है कि इस दौरान पूर्व विधायक डॉ महतो ने जिला के हद में कथारा एवं आसपास के सीसीएल क्षेत्रों में लगी आग, पलानी में मिथेन गैस रिसाव तथा ग्रामीणों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की।

इसके साथ ही उन्होंने तुलबुल पंचायत के ढेंढे एवं सियारी के बीच पुल बह जाने की उच्च स्तरीय जांच, नए पुल का निर्माण तथा बोकारो नदी के निम्नस्तरीय पुल की समस्या के समाधान की मांग भी रखी। पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने आईईएल में लंबे समय से बंद पड़े आर्डियर अस्पताल को पुनः चालू कराने का विषय भी राज्यपाल के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सीटीओ रद्द होने के बाद उक्त अस्पताल के बंद होने से क्षेत्र के रहिवासियों को इलाज के लिए काफी परेशानी हो रही है। विशेषकर सांप काटने जैसी आपातकालीन स्थिति में समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाना अत्यंत चिंताजनक है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक ने कहा कि गोमिया विधानसभा क्षेत्र की आम जनमानस लंबे समय से कई गंभीर समस्याओं का सामना कर रही है। कथारा क्षेत्र में लगी आग, पलानी में मिथेन गैस का रिसाव और ग्रामीणों की सुरक्षा का सवाल बेहद गंभीर है। इन मामलों में तत्काल ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। कहा कि तुलबुल पंचायत में पुल बह जाने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हुआ है। वहीं, आईईएल का आर्डियर अस्पताल बंद रहने से क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

सांप काटने जैसी आपात स्थिति में समय पर इलाज नहीं मिलना क्षेत्रवासियों के जीवन के लिए खतरा बन सकता है। कहा कि उन्होंने राज्यपाल से आग्रह किया है कि संबंधित विभागों एवं प्रबंधन के माध्यम से इन सभी मामलों में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। गोमिया क्षेत्र के रहिवासियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सुविधा और अधिकारों के लिए मेरी आवाज लगातार उठती रहेगी तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *