Advertisement

हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की तैयारियों का डीएम ने की समीक्षा

स्वच्छता, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के सफल, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में 9 अक्टूबर को प्रत्यक्ष एवं हाइब्रिड मोड में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

समाहरणालय सभा कक्ष में आयोजित बैठक में विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों ने अब तक की तैयारियों की जानकारी दी। डीएम ने सभी कार्यों को मेला शुरू होने से कम से कम दो दिन पूर्व तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया और टेंडर व वर्क ऑर्डर में समय-सीमा का स्पष्ट उल्लेख करने को कहा।

बैठक में गत वर्षों की तरह पूर्व समन्वय स्थापित कर लिटरेरी फेस्टिवल और बुक फेयर की समय-सारणी, प्रकाशकों की सहभागिता सहित सभी तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया। कहा गया कि मेला क्षेत्र में भवन निर्माण विभाग के सभी कार्यों की पूर्व योजना बनाकर टेंडर प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करने एवं कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सत्यापन समिति गठित की जायेगी, जिसमें प्रशासनिक व तकनीकी पदाधिकारी शामिल रहेंगे।

बैठक में मेला क्षेत्र में सेक्टर वार साफ-सफाई के लिए सैनिटेशन सुपरवाइजर की प्रतिनियुक्ति और सफाई कर्मियों की संख्या का आकलन करने को कहा गया। कहा गया कि सफाई की आवृत्ति टेंडर में ही तय होगी। इसके लिए छपरा नगर निगम आयुक्त की अध्यक्षता में कोषांग बनेगा, जिसमें अन्य नगर निकायों के अधिकारी भी शामिल होंगे। पर्याप्त शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था के साथ नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

मेला में प्रतिनियुक्त पुलिस बल के लिए कैंप सहित आवासन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया।सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए पर्यटन और कला-संस्कृति विभाग के साथ समन्वय कर उच्च स्तरीय कलाकारों का चयन करने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रमों में लोकगीत, सूफी और भक्ति संगीत सहित विविध विधाओं को शामिल करने पर जोर दिया गया।

सरकारी विभागों की प्रदर्शनियों, व्यावसायिक स्टॉलों और दुकानों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए पूर्व समन्वय का निर्देश दिया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के लिए स्वास्थ्य विभाग को खाद्य सुरक्षा निरीक्षकों के साथ समन्वय कर आवश्यक व्यवस्था करने को कहा गया। मौके पर डीएम ने कहा कि सोनपुर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम जनों को बेहतर सुविधा मिले, इसके लिए समयबद्धता, आपसी समन्वय, स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *