रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। संत जेवियर्स विद्यालय बोकारो में आयोजित दो दिवसीय बोकारो विकारिएट फुटबाल टूर्नामेंट का 30 अगस्त को उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में समापन हो गया।
जानकारी के अनुसार 30 अगस्त को जूनियर वर्ग का प्रथम सेमीफाइनल मैच में मासी मारसाल स्कूल कजरकिलो और संत जेवियर्स हिन्दी मीडियम स्कूल के बीच आयोजित किया गया, जिसमें मासी मारसाल स्कूल कजरकिलो ने 3-0 से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में संत लुईस स्कूल टांड़ बालीडीह और मासी मारसाल स्कूल पतकी के बीच हुए मैच में मासी मारसाल पतकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1-0 से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया।
सीनियर वर्ग के पहले सेमीफाइनल मैच में मासी मारसाल स्कूल कजरकिलो और लोयोला स्कूल ललपनिया के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें मासी मारसाल स्कूल कजरकिलो के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत हासिल की और फाइनल के लिए जगह सुनिश्चित कर ली। दूसरे सेमीफाइनल में मासी मारसाल स्कूल पतकी और संत लुईस स्कूल टांड़ बालीडीह के बीच हुए मैच में मासी मारसाल स्कूल पतकी ने 3-1 से संत लुईस स्कूल को हरा कर फाइनल में प्रवेश किया।
जूनियर वर्ग के फाइनल मुकाबले में मासी मारसाल स्कूल कजरकिलो के खिलाड़ियों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए मासी मारसाल स्कूल पतकी को 2-0 गोल से जीत हासिल कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। सीनियर वर्ग का फाइनल मैच मासी मारसाल स्कूल कजरकिलो और मासी मारसाल स्कूल पतकी के बीच खेला गया, जिसमें मासी मारसाल स्कूल पतकी के खिलाड़ियों ने कड़ी टक्कर देते हुए मासी मारसाल स्कूल कजरकिलो को 2-1 हरा कर शानदार जीत हासिल की और विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि बोकारो के जिला शिक्षा अधीक्षक डॉ अतुल कुमार चौबे ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि प्रत्येक इंसान की स्थिति चाहे जैसी भी हो, उन्हें हर परिस्थिति का सामना पूरे उत्साह से करना चाहिए। मैदान में भी हरेक को समान अवसर मिलता है और हरेक को अपनी क्षमता का इस्तेमाल करते हुए हर अवसर का लाभ उठाना है। प्राचार्य फादर अरुण मिंज एसजे ने कहा कि हार जीत हर खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल को खेल भावना से खेलना सबसे बड़ी बात है।
मुख्य अतिथि ने सभी विजेताओं एवं उप विजेताओं को ट्रॉफी, पदक, प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। समापन के अंत में दिव्या मिंज के धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्र गान के साथ टूर्नामेंट का औपचारिक समापन की घोषणा की गयी। मौके पर उप प्राचार्य दीपक चौधरी, देवाशीष गुप्ता, सिस्टर जेंसी, सिस्टर सुनीता, सिस्टर अनुपमा और सभी खेल प्रभारी उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply