Advertisement

विपरीत मौसम के बावजूद खैराचातर के जनता दरबार में उमड़ी भीड़

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर में 30 अगस्त को जनता दरबार का आयोजन किया गया। आयोजित जनता दरबार में कसमार, पेटरवार एवं जरीडीह प्रखंड के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।

मौसम की विपरीत परिस्थितियों और बारिश की संभावना के बावजूद फरियादियों में जनता दरबार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और अपनी बात प्रमुखता से रखी।

जनता दरबार में पूर्व जिला परिषद सदस्य बिमल जायसवाल ने आगन्तुको से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, पानी, नाली, आवास, पेंशन, राशन, सरकारी योजनाओं का लाभ, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित स्थानीय स्तर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। जायसवाल ने एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित मामलों में यथासंभव तत्काल समाधान कराने का प्रयास किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए पहल करना ही जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, इसके लिए उनके साथ लगातार संवाद बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

जनता दरबार में आए ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से आम जनों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक स्तर पर सक्रिय जनों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। विशेष रूप से दूरदराज के गांवों से पहुंचे रहिवासियों ने अपनी समस्याओं को खुलकर रखा। ज्ञात हो कि, मौसम खराब होने के बावजूद ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने यह स्पष्ट किया कि क्षेत्र के रहिवासियों को अपनी समस्याओं के समाधान की काफी उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिप सदस्य जायसवाल ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जनता दरबार केवल समस्या सुनने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जिन मामलों में विभागीय हस्तक्षेप आवश्यक है, उन्हें संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर समाधान की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने आमजनों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं के साथ आवश्यक दस्तावेज लेकर आएं, ताकि मामलों की सही जानकारी प्राप्त कर त्वरित कार्रवाई के लिए आगे बढ़ाया जा सके।

जिला के हद में कसमार, पेटरवार और जरीडीह प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने जनता दरबार को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए। इससे ग्रामीणों और क्षेत्रीय स्तर पर समस्या समाधान के बीच की दूरी कम होती है तथा आम जन को अपनी बात रखने का सीधा मंच मिलता है।
विपरीत मौसम के बावजूद जनता दरबार में उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत तक ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते रहे और जायसवाल द्वारा उनकी बातें सुनकर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *