रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दुर्गापुर पंचायत अंतर्गत रांगामाटी गांव में सहयोगिनी संस्था की ओर से किशोरियों एवं महिलाओं में यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 27 अक्टूबर को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक मोनिका मिंज ने प्रतिभागियों को यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और किसी भी समस्या के समाधान के लिए उचित मार्गदर्शन लेने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर सहयोगिनी संस्था के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने कहा कि किशोरियों को यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य की सही जानकारी देना उनके सुरक्षित, स्वस्थ और आत्मनिर्भर भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किशोरियों को अपने स्वास्थ्य, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता का भी विकास करना चाहिए। सहयोगिनी संस्था किशोरियों एवं महिलाओं को जागरूक करने, उन्हें सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से किशोरियां स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझ सकती हैं, अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सकती हैं तथा जीवन में सही निर्णय लेने में सक्षम बन सकती हैं।
ज्ञात हो कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी प्रदान करना, उनके मन में मौजूद भ्रांतियों को दूर करना और उन्हें जागरूक एवं सशक्त बनाना था। मौके पर संस्था की एनिमेटर बिनीता देवी, रेखा देवी, जूही कुमारी, सोनी कुमारी, नर्गिस प्रवीण, रोजी प्रवीण, प्रणिता कुमारी, आराध्या चटर्जी, पूनम कुमारी, चंदा कुमारी, महिमा कुमारी, मधुमिता कुमारी, सोनिका कुमारी, सिमरन कुमारी, मंजू देवी सहित अन्य मौजूद रहे।
![]()













Leave a Reply