Advertisement

टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के नए अधिकारी नीतीश कुमार का गर्मजोशी से स्वागत

रेल सिविल डिफेंस के वर्तमान कार्यों की समीक्षा, भविष्य की योजनाओं पर चर्चा

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के नवनियुक्त आकस्मिक पदाधिकारी (इमरजेंसी ऑफिसर) सह क्षेत्रीय प्रबंधक नीतीश कुमार का 12 अक्टूबर को सहकार्मियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर नये पदाधिकारी द्वारा एक औपचारिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें रेल सिविल डिफेंस के वर्तमान कार्यों की जानकारी देने के साथ भविष्य की कार्य योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। ज्ञात हो कि पूर्व सिविल डिफेंस अधिकारी सह क्षेत्रीय प्रबंधक समीर सौरभ के स्थानांतरण के बाद नीतीश कुमार को रेल सिविल डिफेंस के नए इमरजेंसी ऑफिसर सह क्षेत्रीय प्रबंधक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक के दौरान रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा, बचाव कार्यों तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। साथ ही आगामी दिनों में इन कार्यों को और प्रभावी बनाने तथा रेलकर्मियों एवं आम जनों को आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षित करने की योजनाओं पर भी चर्चा की गई।

सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि नीतीश कुमार पूर्व में गुजरात कैडर में एडीएम के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और उन्नत कार्यशैली से रेल सिविल डिफेंस की गतिविधियों को नई दिशा एवं मजबूती मिलने की उम्मीद है। उनके नेतृत्व में आपदा प्रबंधन, सुरक्षा जागरूकता और प्रशिक्षण संबंधी कार्यों को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

औपचारिक बैठक में सहायक सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर कल्याण कुमार साहू, डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह, अनामिका मंडल, गीता कुमारी, सरस्वती मुर्मू, पी. हरि बाबू, प्रशांत कुमार सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त अधिकारी का स्वागत करते हुए रेल सिविल डिफेंस के कार्यों को और प्रभावी बनाने में सहयोग का संकल्प व्यक्त किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *