Advertisement

मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावितों के खाते में भेजी जीआर राशि

सारण में द्वितीय चरण के तहत 57,938 लाभार्थियों को भुगतान

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 12 अक्टूबर को बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए गृह क्षति एवं अन्य राहत सहायता के तहत जीआर राशि का ऑनलाइन अंतरण किया।

उक्त राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव जिला सभागार से ऑनलाइन जुड़े और जिले में भुगतान की प्रगति की समीक्षा की। बताया जाता है कि आपदा सम्पूर्ति पोर्टल की द्वितीय चरण की वित्तीय रिपोर्ट के मुताबिक, सारण जिले में कुल 71,551 लाभार्थियों का विवरण दर्ज किया गया है। इसमें से 57,938 लाभार्थियों को भुगतान हेतु राशि प्रेषित (पेमेंट सेंड) कर दी गई है। इस तरह जिले में अब तक 80.97 प्रतिशत लाभार्थियों के भुगतान की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है।

जिले में प्रखंडवार स्थिति में सबसे अधिक लाभार्थी परसा प्रखंड में हैं, जहां 18,770 बाढ़ प्रभावितो को राशि भेजी गई है। इसके बाद मकेर में 16,407, दरियापुर में 7,500, पानापुर में 6,642 और अमनौर में 4,655 लाभार्थियों को भुगतान किया गया है। वहीं तरैया में 2,718, दिघवारा में 662, रिविलगंज में 231, गरखा में 153, छपरा में 151 और सोनपुर में 49 लाभार्थियों के खाते में राशि अंतरित की गई है। सारण जिला प्रशासन के अनुसार, शेष लाभार्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन, प्रखंड स्तर से अनुशंसा और जिला स्तरीय जांच की प्रक्रिया जारी है। सत्यापन के बाद पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध करा दी जाएगी।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *