Advertisement

दिल्ली के लोकतांत्रिक आंदोलन में विधायक ने मताधिकार की रक्षा का उठाया मुद्दा

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित आंदोलन में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने भागीदारी निभाई। पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष सह जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु भी इस आंदोलन में शामिल हुए।

आंदोलन के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं तथा पात्र मतदाताओं के मताधिकार पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर विरोध दर्ज कराया गया।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उप नेता राजेश कच्छप, प्रदेश के मंत्रीगण, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस क्रम में कांग्रेस ने मतदाता सूची की पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने और किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के संवैधानिक अधिकार से वंचित नहीं किए जाने की मांग उठाई। पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का निष्पक्ष होना और प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है। आंदोलन में सोनाराम सिंकु की भागीदारी के साथ पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने भी लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की पारदर्शिता और नागरिकों के मतदान के अधिकार से जुड़े सवालों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से उठाने का सिलसिला जारी रहेगा। कहा गया कि मताधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और संविधान प्रदत्त इस अधिकार की रक्षा प्रत्येक मतदाता के हित से जुड़ा सवाल है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *