प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो के प्रयास से बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के उलगड्डा में सौ केवीए विद्युत ट्रांसफार्मर एवं एबी स्विच उपलब्ध कराया गया। जिसका 30 अगस्त को पूर्व विधायक ने ग्रामीणों की मौजूदगी में नवनिर्मित विद्युत व्यवस्था का उद्घाटन किया। ट्रांसफार्मर के चालू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को बिजली की समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
ट्रांसफार्मर उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों ने गांव में पिछले करीब ढाई वर्षों से बंद पेयजल आपूर्ति की समस्या भी पूर्व विधायक के समक्ष रखी। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से पेयजलापूर्ति बाधित रहने के कारण रहिवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पर रहा है।मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व विधायक डॉ महतो ने मौके से ही संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बातचीत की तथा जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराना जनप्रतिनिधि की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कहा कि बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से किसी भी गांव के रहिवासी को लंबे समय तक वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुरनाडीह टोला में विद्युत समस्या के समाधान के लिए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया है। वहीं, पेयजलापूर्ति की समस्या को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात की गई है। जल्द ही इस समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने पर ग्रामीणों ने पूर्व विधायक के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इससे टोला में बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहतर होने की उम्मीद है।
![]()













Leave a Reply