Advertisement

महावृक्षारोपण अभियान में महिला कल्याण संगठन ने लगाए 500 से अधिक पौधे

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी पहल करते हुए पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में महिला कल्याण संगठन द्वारा महावृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। संगठन की अध्यक्षा डॉ निधि सरन के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस महाअभियान के तहत रेल मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में 500 से अधिक पौधे लगाए जा रहे हैं।

इस वृहद अभियान का विधिवत शुभारंभ 13 जुलाई को सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने सोनपुर स्टेशन परिसर में पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की सदस्य, वरिष्ठ रेलवे अधिकारी और बड़ी संख्या में रेल कर्मचारीगण उपस्थित थे।

इस संबंध में सोनपुर रेल मंडल के पीआरआई राम प्रताव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के इस संकल्प के तहत सोनपुर रेल मंडल के चार प्रमुख स्टेशनों यथा सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी और थाना बिहपुर के स्टेशन परिसरों तथा उनके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है। मौके पर संगठन की अध्यक्षा डॉ निधि सरन ने पर्यावरण के प्रति अपनी कटिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वैश्विक तापमान (ग्लोबल वार्मिंग) की गंभीर चुनौती को देखते हुए वृक्षारोपण आज के समय की सबसे बड़ी मांग है। हमारा उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि एक अभिभावक की तरह उनकी देखभाल कर उन्हें जीवित रखना भी है।

मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन ने महिला कल्याण संगठन के उक्त प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि प्रकृति और पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान बेहद जरूरी है। अभियान के अंत में महिला कल्याण संगठन ने सभी रेलकर्मियों और आम रहिवासियों से एक भावुक अपील की। संगठन ने आह्वान किया कि इस वर्ष हर कोई अनिवार्य रूप से कम से कम एक पौधा जरूर लगाए और उसकी पूरी जिम्मेदारी के साथ देखभाल करे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और हरी-भरी धरती सौंपी जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *