Advertisement

जन शिक्षण संस्थान में फूड फेस्टिवल, महिलाओं ने बिखेरा हुनर का जादू

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के गांधी आश्रम स्थित जन शिक्षण संस्थान में 24 जुलाई को भव्य फूड फेस्टिवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के विभिन्न ट्रेडों से जुड़ी महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी पाक कला का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य लाभार्थियों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार के महत्व के प्रति जागरूक करना, पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देना और महिलाओं की रचनात्मक प्रतिभा को एक मंच प्रदान करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामसुंदर दास महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ संजय कुमार ने कहा कि संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली आज के दौर में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं को पोषण के प्रति सजग रहने और दैनिक जीवन में पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

संस्थान के निदेशक संजय कुमार दुबे एवं प्रोग्राम ऑफिसर कुमारी अल्पना ने भी पोषण, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
जानकारी के अनुसार फूड फेस्टिवल में प्रतिभागियों द्वारा बनाए गए स्वादिष्ट और पारंपरिक व्यंजनों ने सबका मन मोह लिया। निर्णायकों ने व्यंजनों की गुणवत्ता और प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया। प्रतियोगिता में नेहा सिंह प्रथम, तन्या सिंह द्वितीय और सुप्रिया कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। मुख्य अतिथि द्वारा विजेताओं को पुरस्कृत किया गया, साथ ही अन्य सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साहवर्धन के लिए प्रोत्साहन स्वरूप उपहार (पेन) प्रदान किए गए।

उक्त आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के सभी कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। जिसमें कुमारी अल्पना, धर्मराज तमन्ना, पंकज कुमार राय, पूनम कुमारी, खुशी कुमारी, सरिता सिन्हा, मंजू देवी, विनीता कुमारी, रूपाली कुमारी और प्रियंका कुमारी ने विशेष भूमिका निभाई। अंत में, हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *