Advertisement

निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य से उत्पन्न समस्याओं को ले ग्रामीणों में आक्रोश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दाँतू स्थित खांजो नदी से सटे एक्सप्रेस-वे सड़क निर्माण एवं नदी में पुल निर्माण कार्य होने से उत्पन्न समस्याओं को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने आक्रोश जताया है। ग्रामीण रहिवासियों ने सड़क निर्माण कार्य से जनजीवन प्रभावित होने पर तत्काल समाधान करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गयी है।

ग्रामीणों द्वारा एनएचएआई के परियोजना निदेशक को एक ज्ञापन सौंपा जा रहा है। इस बाबत एक अप्रैल को दांतु गांव में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। मौके पर चंदन कुमार भारत, अक्षय कुमार दसौंधी, मोहन कुमार नायक, अरविंद कुमार नायक, अमित, राहुल, सुमित, अजीत कुमार आदि ने बताया कि क्षेत्र में खांजो नदी पर एनजी प्रोजेक्ट लिमिटेड ‌द्वारा किए जा रहे एक्सप्रेस-वे सड़क निर्माण कार्य के कारण कई गंभीर समस्याएँ उत्पन्न हो गई हैं, जिससे आम जनजीवन एवं धार्मिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

कहा गया कि यह नदी इस क्षेत्र की आस्था एवं जीवन का प्रमुख आधार है। लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र के रहिवासी इस नदी पर निर्भर हैं। सभी प्रकार के छठ पूजा व धार्मिक अनुष्ठान इसी नदी के माध्यम से संपन्न होते हैं। बताया गया कि प्रत्येक वर्ष यहां छठ पूजा का आयोजन होता है तथा श्मशान घाट भी इसी नदी के किनारे स्थित है, जहाँ अंतिम संस्कार किए जाते हैं।

ग्रामीणों बताया कि ग्राम दांतू में आयोजित होने वाला यज्ञ कार्यक्रम भी इसी नदी पर आधारित है, जिसमें जल यात्रा एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान वर्षों से इसी खांजो नदी से किए जाते रहे हैं। वर्तमान में स्थिति यह है कि सड़क निर्माण के कारण नदी के दोनों किनारों पर आवागमन हेतु कोई स्थायी रास्ता उपलब्ध नहीं है। साथ ही नदी में श्र‌द्धालुओं के लिए घाट का निर्माण नहीं किया गया है तथा नदी के जल प्रवाह को भी बाधित किया गया है। जिससे नदी की स्वाभाविक स्थिति प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने जनहित एवं धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए सड़क के दोनों ओर से नदी किनारे तक स्थायी आवागमन मार्ग उपलब्ध कराने, खांजो नदी में श्र‌द्धालुओं की सुविधा हेतु कम से कम 100 मीटर लंबा घाट का निर्माण कराने, नदी की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, नदी के प्राकृतिक जल प्रवाह को बाधित नहीं करने एवं जल को रोके जाने की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने बताया कि आगामी 7 से 15 मई तक दांतू में धार्मिक यज्ञ कार्यक्रम आयोजित होना सुनिश्चित है। इस दौरान जल यात्रा एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान इसी नदी से सपन्न किए जाएंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाव हेतु उपरोक्त सभी कार्यों को आगामी 5 मई तक पूर्ण कराया जाना अति आवश्यक है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *