Advertisement

माता के भजनों पर रातभर झूमे श्रद्धालु, भव्य जागरण में उमड़ा आस्था का सैलाब

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के खैराचातर में 20 अक्टूबर को माता जागरण का आयोजन किया गया।

सार्वजनिक पूजा समिति खैराचातर के तत्वावधान में नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित भव्य माता जागरण श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में विधिवत अखंड ज्योत प्रज्वलित कर उसे जागरण मंच तक लाने के साथ की गयी।

जागरण कार्यक्रम का उद्घाटन कसमार के अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह, प्रखंड प्रमुख नीयोती कुमारी डे, स्थानीय मुखिया विजय कुमार जायसवाल और पूजा समिति के अध्यक्ष प्रशांत राज ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर अंचल अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे धार्मिक आयोजनों से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और भक्ति भावना को बढ़ावा मिलता है। प्रखंड प्रमुख, मुखिया तथा पूजा समिति के अध्यक्ष ने भी आयोजन की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं को संबोधित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन गौतम सागर ने किया।

आयोजित माता जागरण में रागिनी सुर संगम जागरण टीम के कलाकारों यथा बिंदेश्वरी पांडेय, नेहा पांडेय, सहदेव गोस्वामी, मुकुंद कुमार, पूजा सिन्हा और कुलदीप कुमार ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। माता रानी के दरबार.. और चलो बुलावा आया है.. जैसे लोकप्रिय भजनों पर श्रद्धालु रातभर भक्ति के रंग में झूमते रहे। पूरा वातावरण माता रानी के जयकारों और भक्तिमय संगीत से गुंजायमान रहा।

इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख ने कहा कि नवरात्रि जैसे पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम यहां के रहिवासियों को आस्था के साथ जोड़ते हैं और समाज में एकता एवं सद्भाव का संदेश देते हैं। मुखिया ने कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं। सामूहिक भागीदारी से ग्रामीणों के बीच आपसी सहयोग और भाईचारा मजबूत होता है।

समाजसेवी लोकेश डे ने कहा कि माता जागरण जैसे आयोजन क्षेत्र में भक्ति, सकारात्मकता और सामाजिक एकजुटता की भावना जागृत करता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी गणमान्य जनों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सुनील कपरदार, अमितेज कुमार जायसवाल, विशाल कुमार पोद्दार, मनीष गौतम, लक्ष्मण अड्डी, विनीत कुमार डे, आनंद डे, देवेश विशाल, रंजीत जायसवाल, लोकेश डे, प्रकाश डे, अनिकेत डे, रूपेश जायसवाल, विजय जायसवाल, कुमार गौरव, अमित कुमार, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों का योगदान रहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *