Advertisement

मेलाटांड़ बुंडू में पहली बार रावण दहन कार्यक्रम, आतिशबाजी बना आकर्षण का केंद्र

पूर्व विधायक ने दी शुभकामना, वीणा परिषद ट्रस्ट के पहल की सराहना

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विजयादशमी के पावन अवसर पर बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के बुंडू मेलाटांड़ में वीणा परिषद ट्रस्ट की ओर से पहली बार रावण दहन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला।

जानकारी के अनुसार 20 अक्टूबर को आयोजित रावण दहन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बंगाल से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत शानदार आतिशबाजी रही। रंग-बिरंगी आतिशबाजी से पूरा मेलाटांड़ का इलाका जगमगा उठा और उपस्थित जनों ने इस भव्य नजारे का आनंद लिया। पहली बार आयोजित रावण दहन कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के रहिवादियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि विजयादशमी हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखना चाहिए। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को हमारी संस्कृति से जोड़ने का काम करते हैं। वीणा परिषद ट्रस्ट के सौजन्य से पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम को क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव के रूप में देखा गया। आयोजन के माध्यम से विजयादशमी के पर्व को उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *