प्रहरी संवाददाता/बगोदर (गिरिडीह)। गिरिडीह जिला के हद में बगोदर पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ बिमल कुमार को बीते 14 जुलाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड स्थित गैड़ा के समीप वाहन जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब से लदा एक ट्रक जब्त किया गया।
बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम ने 15 जुलाई को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम द्वारा गैड़ा संत रूपी के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस को देखकर ट्रक चालक ने वाहन करीब 100 मीटर पहले रोक दिया और चालक व उपचालक जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
शक के आधार पर पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया गया। एसडीपीओ के अनुसार अवैध शराब लदे ट्रक क्रमांक BR56G/4297 को जब्त कर लिया गया। एसडीपीओ ने बताया कि यह अवैध शराब पश्चिम बंगाल से बिहार ले जाई जा रही थी। जब्त शराब में रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, ऑफिसर्स चॉइस, मैजिक मोमेंट और बीयर समेत विभिन्न ब्रांडों की कुल 618 पेटियां बरामद की गई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 35 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
छापेमारी दल में बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम, पुलिस निरीक्षक संजय कुमार, बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रंजन कुमार, पुअनि अभिजीत कुमार तथा बगोदर थाना के सशस्त्र बल के अन्य जवान शामिल थे। पुलिस फरार चालक एवं उपचालक की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।
![]()













Leave a Reply